अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर चौक पर स्थित ऐतिहासिक स्मारक गांधी चौक के खस्ताहाल पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आज उपायुक्त हमीरपुर को ऐतिहासिक स्मारक “गांधी चौक” के नवीनीकरण के संबंध में ज्ञापन सौंप।
इस दौरान अजय शर्मा, होशियार सिंह, कर्म चंद भाटिया, डॉ.चंदन राणा, पंकज मिन्हास और विकास लट्ठ मौजूद रहे । उन्होंने कहा कि हमीरपुर शहर का केंद्र स्थल गांधी चौक आज बहुत ही दयनीय स्थिति में है। इसकी निचली मंज़िल पर लोग दिन के समय कुछ पल विश्राम के लिए बैठते हैं, लेकिन उनका स्वागत केवल चारों तरफ चिपके हुए इश्तिहार और टूटे बैंच करते है। दूसरी मंजिल पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचने के लिए सीढियां पूरी तरह से टूटी हुई है और कई स्टेप वहां से गायब होने के कारण चोट और हानि का खतरा वहां बना हुआ है।
रैलियों और कार्यक्रमों के कई दिन बाद भी वहीं पर झंडे और बड़े बड़े फ्लेक्स चिपके हुए रहते हैं, जो स्मारक की शोभा को खंडित करते है। उन्होंने कहा कि आने वाली गांधी जयंती पर कई तरह सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यक्रम गांधी चौक पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में गांधी स्मारक एवं चौक की पवित्रता को बनाए रखने के लिए ऐसे दिशा निर्देश जारी किए जाएं कि केवल अनुमति के साथ ही वहां कार्यक्रमों का आयोजन हो और आयोजन के बाद जगह को साफ़ करके पहले जैसा ही पोस्टर, इश्तिहार, झंडे ओर फ्लेक्स रहित बनाया जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस तरह उपायुक्त कार्यालय के गेट के साथ वाली दीवार का नवीनीकरण किया गया है जो हर आते जाते जन को देखने में शोभनीय लगता है, उसी तर्ज़ पर गांधी चौक का नवीनीकरण कर उसे दर्शनीय बनाया जाए I
