नीरज,शिमला: शिमला के ढली थाना के तहत छराबड़ा के पास हसन वैली में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। इस सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शहर के साथ लगते छराबड़ा क्षेत्र में हसन वैली में एक सेब से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार पर गिर गया जिससे कार सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह 6:30 बजे का बताया जा है। सेब का ट्रक ऊपरी शिमला से सेब लेकर आ रहा था और हसन वैली के समीप ब्रेक फेल होने के चलते बीच सड़क पर पलट गया। वहीं शिमला से एक कार जो की चौपाल की तरफ जा रही थी उसकी चपेट में आ गई और कार में सवार चार लोग उसके नीचे दब गए।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कार में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की लेकिन निकाल नहीं पाए। गाड़ी के अंदर दो व्यक्ति काफी देर तक तड़पते ओर चिल्लाते रहे। लोगों ने पिकअप से गाड़ी को खींचने की कोशिश भी की लेकिन गाड़ी नहीं निकाल पाए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी पुलिस करीब आधे घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची जबकि पुलिस चौकी कुछ दूरी पर ही थी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन बुलाई लेकिन क्रेन भी काफी देर बाद मौके पर पहुंची। जब तक ट्रक को हटाया गया तब तक गाड़ी में दबे हुए 2 लोगों की मौत हो चुकी थी और घायल दो लोगों को पुलिस ने निकालकर आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया है जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं ट्रक के पलटने से दो घंटे तक काफी लंबा जाम दोनों तरफ लगा रहा। इससे पहले भी इस जगह पर एक साथ तीन ट्रक पलटे थे।
बता दें कि इस हादसे के दोनों मृतक चौपाल उपमंडल के नेरवा के रहने वाले थे। घटना में 2 अन्य लोग घायल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेब से लदा ट्रक (एचपी64-5688) अप्पर शिमला से चंडीगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सुबह 6:30 बजे हसन वैली के पास चालक ने ट्रक से नियंत्रण खोया और यह कार (एचपी08ए-2742) पर पलट गया। ट्रक के नीचे कार दब कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। ढली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कार से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। मौके पर मौजूद डीएसपी ढली मंगत राम ने बताया कि हादसे में कार सवार 2 लोगों की जान गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतक नेरवा के रहने वाले थे। इनकी शिनाख्त कर ली गई है। वहीं ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पहले भी इस जगह पर हो चुके हैं क़ई हादसे
बता दें कि हसन वैली के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। अगस्त माह में यहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक के बाद एक तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सेब लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में तीन लोगों को चोटें आई थीं।

