राहुल चावला, धर्मशाला: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद करने के विरोध में धर्मशाला में कांग्रेस की ओर से जिला स्तरीय भारत संकल्प सत्याग्रह किया गया,जिसकी अध्यक्षता कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने की। चंद्र कुमार ने कहा कि कोर्ट ने अपना फैसला दे दिया था, लेकिन केंद्र सरकार ने जल्दबाजी में राहुल गांधी की सदस्यता रद कर दी। उन्होंने कहा कि मामला राष्ट्रपति को भेजा जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा न करके केंद्र सरकार ने राहुल की लोकसभा से सदस्यता रद करने में बहुत जल्दबाजी दिखाई हैं।
प्रदेश सरकार की गारंटियों पर चंद्र कुमार ने कहा कि ओपीएस बहाली की अधिसूचना जारी हो चुकी है और 2.35 लाख महिलाओं को 1500 रुपए भी दिए जा रहे हैं। कांग्रेस की ओर से गोबर खरीदने की प्रक्रिया को भी शुरू किया जा रहा हैं। कृषि में महिलाओं की भागीदारी अधिक रहती है, ऐसे में दूध खरीदने की शुरूआत भी महिलाओं की दूध कमेटियां बनाकर की जाएगी। युवाओं को रोजगार देने के मामले पर चंद्र कुमार ने कहा कि विभागों से खाली पदों की रिपोर्ट मंगवाई गई है, रिपोर्ट आने उपरांत युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार आगे बढ़ेगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम से स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा के गैरमौजूद रहने पर चंद्र कुमार ने कहा कि उनका अपना काम हो सकता हैं,जबकि जिलाध्यक्ष ने बताया है कि सबको सूचित किया गया हैं। सुधीर शर्मा एआईसीसी के सचिव भी हैं, हो सकता है उन्हें एआईसीसी का कोई काम हो। जिला स्तरीय कार्यक्रम से सुधीर शर्मा, प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल अनुपस्थित रहे, जबकि जिला से संबंधित अन्य विधायक, पूर्व विधायक, जिला व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी यहां मौजूद रहे। कार्यक्रम तो जिला स्तरीय था, लेकिन जिला स्तरीय के हिसाब से कार्यक्रम में भीड़ नहीं जुट पाई।
