कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा- साल 2019 में राहुल गांधी की एक टिप्पणी के चलते उनके खिलाफ गुजरात के भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने मानहानि का मामला दर्ज कराया था। जिसमें सूरत की कोर्ट ने फैसला देते हुए राहुल गांधी को दोषी माना और दो साल की सजा सुनाई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में देशभर में कांग्रेस का सत्याग्रह जारी है। वही कुल्लू कांग्रेस ने भी ढालपुर में मौन प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सत्याग्रह कर राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करना असंवैधानिक कदम करार दिया है।
कुल्लू में कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने ढालपुर में किया मौन प्रदर्शन
कुल्लू जिला मुख्यालय में केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढालपुर में सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया । इस अवसर पर कुल्लू कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सेस राम आज़ाद ने कहा कि राहुल गांधी पार्लियामेंट में सिर्फ अडानी और मोदी के रिश्ते को लेकर मुद्दा उठा रहे थे। आखिर क्यों प्रधानमंत्री के हर दौरे पर अडानी उनके साथ होते हैं । सरकार ने इसका जवाब ना देते हुए उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द करने का फैसला लिया जो कि सरासर गलत है। ऐसे में यह साफ जाहिर होता है कि दाल में जरूर कुछ काला है। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को भी कोरोना का खतरा बताकर रोकने की कोशिश की गई थी। हालांकि जनता का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा था। जिस कारण वह रैली सफल हुई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि मोदी सरकार सिर्फ ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के आवाहन पर उन्होंने मौन सत्याग्रह किया है और राहुल गांधी के समर्थन में आवाज उठाई जा रही है। उनका कहना है कि आगामी 2024 के चुनावों में जनता केंद्र की मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेगी और विपक्ष राहुल गांधी के समर्थन में एकजुट होता हुआ नजर आ रहा है।
