राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की टिकटों के सूची बाहर आने के साथ ही पार्टी की गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई है। पार्टी की ओर से चिंतपूर्णी की आरक्षित विधानसभा सीट से टिकट ना मिलने से नाराज कांग्रेस की सेवा दल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन बबलू ने पार्टी के 15 पदाधिकारियों सहित सामूहिक त्यागपत्र दे दिया है।
सोमवार को ऊना में आयोजित प्रेसवार्ता ने उन्होंने अपने त्यागपत्र की घोषणा करते हुए पार्टी पर युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस में पहले से ही टिकटों के तय होने का आरोप लगाते हुए युवाओं को दिल्ली बुलाकर खिलवाड़ किए जाने की बात कही। सुदर्शन के साथ त्यागपत्र देने वालों में कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारियों के साथ जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी शामिल है ।
