हमीरपुर :अरविन्द सिंह (TSN)- कांग्रेस सरकार की गारंटी वाले वादे को लेकर जहां बीजेपी जुबानी ह+मला बोल रही है, वहीं कांग्रेस नेता भी विपक्ष को घेर रहे है । कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि बीजेपी प्रदेश सरकार से 10 महीने का हिसाब मांग रही हैं,लेकिन 10 सालों में केंद्र सरकार क्या अपने वायदे पूरे कर पायी है ।
हमीरपुर में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि भाजपा के लिए अब सबसे बड़ी दिक्कत लोकसभा चुनाव है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा 10 महीने के कार्यकाल में कर्मचारियों को ओपीएस, महिलाओं को चरनबद्ध तरीके से ₹1500 प्रति माह सहित अन्य वायदों को पूरा किया जा रहा है । जिसके चलते भाजपा के अंदर बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने वायदा किया था कि हर साल 2 करोड लोगों को रोजगार दिया जाएगा यानी 10 सालों के कार्यकाल में 20 करोड लोगों को रोजगार मिल जाना चाहिए था, लेकिन कितना रोजगार मिला है यह देश की जनता अच्छी तरह से जानती है । उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो भाजपा केंद्र में 10 साल अपने वादों को पूरा नहीं कर सकी वह आज कांग्रेस की 10 माह की सरकार से गारंटी पूरी होने का प्रश्न पूछ रही है । उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने 10 महीने के कार्यकाल में अपनी लगभग सभी गारंटीयों को पूरा करने का काम किया है ।
भाजपा नेताओं द्वारा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के विकास कार्यों पर की जा रही टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विकास करवाया होता तो वह जनता को दिखता और उन्हें विकास की बात करने की जरूरत नहीं पड़ती । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अगर क्षेत्र में विकास करवाने की बात कर रही है तो इसमें कुछ गलत नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रेल के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने हमेशा ही झूठ बोला है और कांग्रेस का कोई भी नेता जब उनकी इस बात को सामने लाता है तो उसके खिलाफ बयान बाजी की जाती है । प्रेम कौशल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर दौरे के दौरान रेल को लेकर जो बयान दिया है वह सही है ।
