मंडी :धर्मवीर (TSN)- उत्तराखंड के सिल्क्यारा टनल में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए उल्टी गितनी शुरू हो गई है है। टनल के अंदर एंबुलेंस भेजी गई है और जल्द ही सभी मजदूरों को बाहर निकाला जाएगा। इन मजदूरों में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला का 21 वर्षीय विशाल भी शामिल है।
पोते के लिए सरकारी नौकरी की रखी मांग
विशाल बल्ह उपमंडल के तहत पड़ने वाले बंगोट गांव का निवासी है। विशाल के टनल के बाहर आने की खबर से विशाल की माता उर्मिला देवी व दादी ने राहत की सांस ली है। विशाल की बाहर निकलने की संभावना पर बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी विशाल के घर बंगोट पहुंचे और विशाल की माता व परिजनों का मुंह मीठा करवाया। इस मौके पर विशाल की दादी ने विधायक के सामने अपने पोते के लिए सरकारी नौकरी की मांग रखी। विधायक के समक्ष विशाल की दादी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वे अब कभी भी अपने बच्चों को टनल के निर्माण कार्य पर नहीं भेजेगी। उन्होंने विधायक के माध्यम से सरकार से अपने बच्चों के लिए यहीं पर नौकरी की गुहार लगाई।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने बताया कि उत्तराखंड की प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से आज 41 मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने वाले हैं। उन्होंने इसके लिए दोनों सरकारों का आभार जताया और उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने परिवार को भी इस बात को लेकर बधाई दी कि उन्होंने 17 दिनों तक साहस बनाए रखा और बेटे की सलामती की दुआएं करते रहे। विधायक ने भी बच्चों को सरकारी नौकरी देने की मांग का समर्थन किया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार से इस दिशा में कदम उठाने की अपील की है। इस मौके पर उन्होंने परिवार को अपनी तरफ से राहत राशि भी प्रदान की। फंसे हुए 41 मजदूरों के जल्द ही टनल से बाहर निकलने की खबर सुनने के बाद परिजन और रिश्तेदारों का घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है और सभी के चेहरों पर अब खुशी देखने को मिल रही है।
