शिमला | हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संकेत दिए हैं कि यदि पार्टी आलाकमान उन्हें दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इसे निभाने को तैयार हैं। शिमला के गेयटी थियेटर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं प्रतिभा सिंह ने कहा कि पिछले करीब सात महीनों से राज्य में पार्टी संगठन नहीं बन पाया है, जिससे कांग्रेस को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे का न बनना पार्टी की सक्रियता पर असर डाल रहा है, और आने वाले पंचायत चुनावों को देखते हुए यह स्थिति चिंता का विषय है। कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, इसलिए पार्टी आलाकमान से अपील है कि जल्द से जल्द मजबूत संगठन की घोषणा की जाए।
प्रतिभा सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आलाकमान फिर से उन्हें जिम्मेदारी सौंपता है तो वे तन, मन, धन से पार्टी के लिए काम करेंगी, जैसा कि उन्होंने पहले भी किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन की स्थिरता ही कांग्रेस को आगामी चुनावों में मजबूती प्रदान कर सकती है।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि यदि प्रतिभा सिंह अध्यक्ष बनी रहती हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।इसके साथ ही प्रतिभा सिंह ने जानकारी दी कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 15 जुलाई को शिमला के रिज मैदान पर किया जाएगा। पहले यह कार्यक्रम 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर तय किया गया था, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। अब इन सभी नेताओं की सहमति के बाद अनावरण कार्यक्रम की नई तारीख तय की गई है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह समारोह सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक संदेश भी है कि कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं के योगदान को हमेशा याद रखती है।
