शिमला :चन्द्रिका (TSN)- हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री को विभिन्न मुद्दों को लेकर पत्र लिखा है. इस दौरान उन्होंने अपने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में सीएम द्वारा की गई विभिन्न घोषणाओं को समय पर पूरा करने का भी आग्रह किया है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा द्वारा सीएम को लिखा पत्र राजनीती में उधेड़ बुन का विषय बन गया है. राजेंद्र राणा का प्रदेश मन्त्रीमडल में शामिल ना होना, विधायक प्राथमिकता बैठक में शामिल ना होना और अब अपनी ही सरकार को लिखा ये पत्र क्या कई बातों की ओर इशारा करता है, इस बात का जवाब समय ही दे पाएगा.
युवा वर्ग सरकार द्वारा रोजगार देने की उम्मीद लगाए बैठे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह को लिखे पत्र में कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि मैं आपका ध्यान कुछ विषयों की तरफ आकर्षित करना चाहता हूं और इस बारे में मैं कई बार आपसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी आग्रह कर चुका हूं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बनने में युवाओं का अहम योगदान है. सरकार बनने के 14 महीने बाद भी युवा अपने सपनो को पूरा करने के लिए सरकार से उम्मीद लगाए बैठे हैं. कांग्रेस सरकार ने हर साल एक लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था और प्रदेश का युवा वर्ग उस वायदे के पूरा होने का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहा है.
रिजल्ट रोके रखना तर्क संगत नहीं
राजेंद्र राणा ने कहा कि पिछले लंबे समय से जो भर्तियों के परिणाम रुके हुए हैं और जिन युवाओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, वे रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं.इनमें से बहुत से युवा ओवर एज हो रहे हैं और वे इस बात से चिंतित हैं कि आयु की सीमा लांघने के कारण कहीं वे सरकारी नौकरी के लिए अपात्र ना हो जाएं .उन्होंने कहा कि हमीरपुर स्थित अधीनस्थ चयन बोर्ड को तुरंत बहाल करके युवाओं के लिए नौकरियों के दरवाजे खोले जाएं. सैंकड़ों युवाओं ने बहुत मेहनत करके पेपर दिए हैं और अब लंबे समय तक उनके रिजल्ट रोके रखना तर्क संगत नहीं है. युवाओं का हम पर भरोसा धीरे-धीरे टूट रहा है.उम्मीद है कि आप एक संवेदनशील मुख्यमंत्री होने के नाते इस बारे में त्वरित निर्णय लेंगे ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे।कांग्रेस विधायक ने कहा कि पिछली सरकार के समय से ही हजारों युवा करुणा मूलक आधार पर नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. हमने भी विपक्ष में रहते हुए लगातार उनके हक की आवाज उठाई थी. उनके पक्ष में फैसला किया जाना समय की मांग है.उम्मीद है कि आप इस बारे सहानुभूति पूर्वक निर्णय लेकर ऐसे युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में की गई घोषणाएं पूरी की जाए
सीएम को लिखे पत्र में विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि आपने मेरे सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले साल 5 मार्च को होली महोत्सव पर मंच से कुछ घोषणाएं की थीं. मुख्यमंत्री की घोषणाएं पत्थर की लकीर होती हैं. आपने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के टोनी देवी में डिग्री कॉलेज खोलने और सुजानपुर अस्पताल की बेड क्षमता को 50 से बढ़कर 100 बेड करने क्या ऐलान किया था और कैबिनेट से इसे मंजूरी भी मिल गई है। लेकिन सिविल अस्पताल सुजानपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती भी बहुत जरूरी है और इस बारे मैं आपसे कई बार व्यक्तिगत रूप में मिलकर आग्रह भी कर चुका हूं। प्रदेश में कई जगह सिविल हॉस्पिटलों में विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जा चुके हैं ।
राजेंद्र राणा ने सीएम से सुजानपुर सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती भी अविलंब करने की मांग की है.इसके अलावा उन्होंने कहा कि सीएम ने सुजानपुर में जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग का डिवीजन फिर से खोलने, सुजानपुर में बस अड्डे के निर्माण,सुजानपुर के डिग्री कॉलेज में अंग्रेजी और अर्थशास्त्र में एम. ए. की कक्षाएं शुरू करने की भी घोषणा की थी और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता यह सारी घोषणाएं पूरा होने का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रही है. ऐसे में इन घोषणाओं को जल्द पूरा किया जाए .राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को सत्तासीन करने में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता का भी अहम योगदान रहा है.
