सोलन / योगेश शर्मा – कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हो चुकी है,जिसमे कांग्रेस के पुर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी खुद उस यात्रा का नेतृत्व कर रहे है। इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित है। सोलन जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा देश को एक सूत्र में पिरोने का काम करेगी। इसके साथ ही देश में लगातार बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को इस यात्रा के माध्यम से लोगों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में बड़ा जोश है। 150 दिनों की यह यात्रा बुधवार को कन्याकुमारी से शुरू हुई है और 3500 किलोमीटर का रास्ता तय कर कश्मीर पहुंचेगी। इस दौरान राहुल गांधी व उनके साथ चलने वाले कार्यकर्ता 12 राज्यों 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस के तमाम बड़े नेता यात्रा के दौरान केंद्र सरकार को घेरने के लिए देश के ज्वंलत मसलों काे जनता के बीच रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं और लोग तैयारी करके बैठे हैं कि भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेगी और प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।
