अनिल कुमार,किन्नौर: भाजपा हाईकमान एक और बागी नेताओं व कार्यकर्ताओं को मनाकर पार्टी को मजबूत करने में जुटी है, वहीं किन्नौर जिले में भाजपा उम्मीदवार सूरत नेगी ने भाजपा से बागी हुए आजाद उम्मीदवार तेजवंत सिंह नेगी सहित किन्नौर के पूर्व विधायकों को अय्याश कह डाला है। उनके इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर सूरत नेगी की किरकिरी भी कर रहे है,क्योंकि इससे पूर्व स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी, स्वर्गीय चेतराम नेगी,देवराज नेगी,वर्तमान विधायक जगत सिंह नेगी जैसे विधायक भी जिला के ख्यातिप्राप्त नेता है जिस पर सूरत नेगी के इस विवादित भाषण से लोग नाराज भी दिख रहे है।
गौर रहे कि इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल भाजपा उम्मीदवार के फिसली जुबान के इस वीडियो की आम जनमानस जम कर आलोचना कर रहे है और इस वीडियो को जमकर शेयर भी किया जा रहा है। यह वीडियो किन्नौर के मुख्यालय रिकोंगपिओ का है जहां भाजपा उम्मीदवार सूरत नेगी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे और पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत सिंह नेगी भाजपा से टिकट न मिलने के बाद आजाद उम्मीदवार के तौर पर रिकोंगपिओ बाज़ार में अपने समर्थको के साथ रैली कर रहे थे और दोनों राजनितिक रैलियां आमने सामने थी।
इस दौरान भाजपा उम्मीदवार सूरत नेगी ने जिला के विधायकों को सत्ता मे रहते हुए अय्याशी करने वालों की संज्ञा दी है। सूरत नेगी के इस वायरल वीडियो में वे किस विधायक को अय्याश कह रहे है उस विधायक क़ा नाम नहीं है लेकिन जिला की राजनीति में जनता ने अपने चहेते पूर्व विधायकों व वर्तमान विधायक पर सूरत नेगी की इस बात को लिया है।
