सोलन:भूपेंद्र ठाकुर(TSN)-शिमला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत सोलन ज़िला में मतगणना के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।ज़िला के अंतर्गत आने वाले पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के लिए सोलन व नालागढ़ में मतगणना केन्द्र स्थापित किए गए हैं।अर्की,सोलन और कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय सोलन में की जाएगी।
एडीएम सोलन अजय यादव ने बताया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए 10,सोलन विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 और कसौली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 10 टेबल स्थापित किए गए हैं।नालागढ़ व दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में की जाएगी। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 और दून विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए भी 14 टेबल स्थापित किए गए हैं। दोनों मतगणना केन्द्रों में कुल 62 टेबल स्थापित किए गए हैं। मतगणना केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और सभी ई.वी.एम.और वी.वी.पैट. मशीनें कड़े सुरक्षा घेरे में स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं।मतगणना 4 जून, 2024 को प्रातः 08.00 बजे से आरम्भ होगी।चुनाव परिणाम के प्रत्येक चरण की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए मीडिया सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी सोलन को राजकीय महाविद्यालय सोलन में स्थापित मीडिया सेंटर का प्रभारी बनाया गया है।
