राहुल चावला, धर्मशाला: पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल के मध्य खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मैच को लेकर धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में हिमाचल सहित पंजाब,हरियाणा, जम्मू कश्मीर अन्य राज्यों से क्रिकेट प्रेमियों का हजूम मैच देखने को मिला। भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला पहुंचे। वहीं पंजाब किंग्स व राजस्थान रॉयल के मध्य खेले जाने वाले मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह भी देखने को मिला। एक और जहां क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की सुंदरता के कायल हुए, तो वहीं धर्मशाला के ठंडे मौसम ने उन का दिन बना दिया।
वहीं विभिन्न राज्यों से मैच देखने के लिए धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे दर्शकों का कहना था कि इससे पहले भी वह मोहाली व दिल्ली व राजस्थान में क्रिकेट मैच देख चुके हैं, लेकिन धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की बात ही कुछ और है धौलाधार पर्वत श्रृंखला की गोद में बने इस क्रिकेट स्टेडियम में मैच देखने का अपना ही अलग मजा हैं। उन्होंने कहा कि व पंजाब किंग्स व राजस्थान रॉयल के बीच खेले जाने वाले मैच को लेकर पहले ही धर्मशाला पहुंच चुके थे। इस मैच की एडवांस टिकट भी बुक करवा चुके थे। वहीं स्टेडियम में एंट्री से पहले दर्शकों की चेकिंग की गई। किसी भी प्रकार के डंडा व अन्य आपत्तिजनक सामग्री को पुलिस की ओर से स्टेडियम में नहीं ले जाने दिया गया ।
धर्मशाला में दोपहर 3 बजे से ही ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया था ताकि बाहरी राज्यों से मैच देखने के लिए आने वाले क्रिकेट प्रेमियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। वहीं जिला कांगड़ा पुलिस ने चिन्हित स्थानों पर ही बाहर से आने वाले वाहनों को पार्क किया गया। इसी के साथ शटल बसों के माध्यम से क्रिकेट प्रेमियों को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचाया गया।
