Dharamshala, Rahul-साइबर अपराधी लगातार अपने नए-नए हथकंडों से लोगों को ठग रहे हैं। इस वर्ष अब तक साइबर थाना नॉर्थ जोन धर्मशाला में आठ एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें करीब सात करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। अधिकतर मामलों में सीनियर सिटीजन शिकार बने हैं।
ठग अब राष्ट्रीय बैंक के ऐप अपडेट और एक्टिवेशन के नाम पर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट, फेक इन्वेस्टमेंट, आरटीओ चालान एपीके और वेडिंग एपीके फाइल्स भेजकर भी लोगों को ठगने के मामले सामने आए हैं।
साइबर विशेषज्ञों की चेतावनी
- अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें – सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफार्म पर आने वाले लिंक से बचें।
- एपीके फाइल डाउनलोड होने पर तुरंत स्कैन करें – अच्छे एंटीवायरस से मोबाइल चेक करें और मोबाइल सेटिंग्स में जाकर ऑटो डाउनलोड ऑप्शन बंद रखें।
- फेक ग्रुप्स से सावधान रहें – साइबर ठग सोशल मीडिया पर नकली ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ते हैं। इनमें आम लोग कम और ठग ज्यादा होते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर आने वाले आकर्षक विज्ञापनों और फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग ऑफरों से बचना चाहिए। यदि निवेश करना हो तो केवल अधिकृत और विश्वसनीय प्लेटफार्म का ही उपयोग करें।
