केलांग, 4 सितम्बर-घाटी में जारी बिजली संकट के बीच विधायक अनुराधा राणा ने गुरुवार को थिरोट पावर हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पावर हाउस की तकनीकी खामियों और रखरखाव की मौजूदा स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।
इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि फोरवे रिजर्ववायर की पिछले पाँच वर्षों से सफाई नहीं हुई है, जिसके चलते इसमें भारी मात्रा में गाद जमा हो गई है। विधायक ने परियोजना अधिकारियों को तत्काल सफाई कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि बिजली उत्पादन में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके।उन्होंने मेंन इनटेक क्षेत्र तक पहुँचने का भी प्रयास किया, लेकिन भारी वर्षा से रास्ता बह जाने के कारण उन्हें लौटना पड़ा। राणा ने कहा कि जब तक कुल्लू क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक शेड्यूल लागू रहेगा। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।निरीक्षण के दौरान एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, विद्युत विभाग के एसडीओ करण ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
