विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी बाजार में लगातार हो रही बारिश से नुक़सान हो रहा हैं। यहां बारिश होने से मुख्य बैरियर के पास नाली टूटने से 3 टिन पोश खोखे को भारी नुकसान पहुंचा हैं। इस वजह से दुकानदारों ने दुकानों के अंदर से अपना सामान बाहर निकाल लिया हैं, जिसके कारण दुकानदारों का रोजगार प्रभावित हुआ हैं और दुकानदार बेरोजगार हो गए हैं।
बता दें कि पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से नाली टूटने के कारण यह नुकसान हुआ हैं। दुकानदार दीप कुमार ने बताया कि नाली के टूटने के कारण तीन दुकानदारों को नुकसान हुआ हैं। इसमें एक प्रसाद की दुकान ,दूसरी डेली नीड की दुकान और तीसरी सैलून की दुकान थी। तीनों दुकानदारों ने अपना सामान एहतियात के तौर पर बाहर निकाल लिया हैं और प्रशासन से अपील की है कि जल्द ही नाली को ठीक करने का काम शुरू किया जाए ताकि उनका रोजगार प्रभावित ना हो। वहीं पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ नितिन चौधरी ने बताया कि जल्द नुकसान का जायजा लेकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
