Bilaspur, Subhash-जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएँ दर्ज की गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शुक्रवार को लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि जिले के कई हिस्सों में सड़क मार्ग बाधित हो रहे हैं। खासकर समलेटू के पास फोरलेन मार्ग पर चट्टानें और भारी पत्थर गिरने की घटनाएँ सामने आ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह इलाका बेहद संवेदनशील है और पिछले वर्ष भी यहां बड़ा हादसा हो चुका है।
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। इसके साथ ही नदी-नालों और डैमों के पास न जाने की सख्त हिदायत दी गई है, क्योंकि लगातार बारिश से जलस्तर बढ़ रहा है और कई डैमों से पानी छोड़ा जा रहा है।उपायुक्त ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पूरी सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही एडवाइजरी का पालन करें।
