नालागढ़ :चन्द्रिका (TSN)-दर्शन सेवा योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। यह योजना हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और धार्मिक पर्यटक स्थलों से सभी को रू-ब-रू करवाने में सहायक बनेगी। ये बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ उपमण्डल की ग्राम पंचायत किरपालपुर में पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान अपने सम्बोधन में कही ।
अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों के लिए भी लगभग 100 नए बस रूट शुरू
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दर्शन सेवा योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थलों से प्रदेश में स्थित एवं अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों के लिए भी लगभग 100 नए बस रूट आरंभ किए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को प्रदेश व प्रदेश के बाहर स्थित धार्मिक स्थलों में आने-जाने की बेहतरीन सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि नालागढ़ से अयोध्या, नालागढ़ से वृंदावन तथा बद्दी से अमृतसर तक श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए बस सेवाएं आरम्भ की जाएंगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेला समूचे क्षेत्र में विशेष पहचान रखता हैं। इस मेले की परम्परा का इतिहास लगभग 300 वर्ष पुराना है। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना हम सभी का कर्तव्य है।उन्होंने मेला समिति को अपनी ओर से 51 हजार रुपए देने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि इस मेले को ज़िला स्तर का दर्जा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रक संचालकों को प्रदेश सरकार ने गुड्स टैक्स पर पेनल्टी और ब्याज माफ कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने ट्रक संचालकों का आह्वान किया कि वे 31 मार्च तक पुराना कर जमा कर लाभ प्राप्त करें।उन्होंने कहा कि नई सरकार ने विभिन्न माध्यमों से प्रदेश की आय वृद्धि के लिए कार्य किया है। केवल परिवहन विभाग को ही नवीन योजनाओं के माध्यम से 800 करोड़ रुपए का लाभ हुआ है।
