नाहन (देवेन्द्र कुमार): टीबी मुक्त भारत के मद्देनजर 12 सितंबर से जिला सिरमौर में 3 सप्ताह के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान को लेकर डीसी कार्यालय के सभागार में डीसी सिरमौर की अध्यक्षता में टास्क फोर्स कमेटी की बैठक संपन्न हुई। सीएमओ सिरमौर डॉ अजय पाठक ने बताया कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने के मकसद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे अभियान के मद्देनजर जिला सिरमौर में 12 सितंबर से अगले 3 सप्ताह के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान लोगों को टीबी के लक्षण के बारे में अवगत करवाया जाएगा और संभावित लोगों के थूक के सैंपल भी लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए डीसी की अध्यक्षता में एक एक्टिव टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो इस अभियान के दौरान कार्य करेगी। सीएमओ ने बताया कि जिला सिरमौर में करीब 6 लाख जनसंख्या है। जिसमें से उन्होंने 5% लोगों के इस अभियान के दौरान सैंपल लेने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की सभी प्रयोगशालाएं 24 घंटे कार्य करेंगी ,ताकि निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकें।
