Mandi,Dharamvir(TSN)-डीसी मंडी की अधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुई धमकी भरे मेल के बाद आज भी दोपहर तीन बजे तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन के दौरान एंटी सबोटाज टीम को किसी भी तरह का बम या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।सर्च ऑपरेशन के बाद डीसी,एसपी और कोर्ट परिसर को सैनिटाइज कर दिया गया है।जनता को किसी भी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है,कल से इन सभी परिसरों में सामान्य रूप से सभी काम संचालित होंगे।लेकिन परिसर में कुछ दिन तक निजी वाहनों का प्रवेश पर बंद रहेगा। यह जानकारी एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने सर्च ऑपरेशन संपन्न होने के बाद दी।
किसी भी तरह ही अफवाह से बचने की अपील
साक्षी वर्मा ने बताया कि बीते रोज ही तस्वीर साफ हो गई थी कि यहां किसी तरह कोई संदिग्ध सामान नहीं है। लेकिन थ्रेट मेल में दी गई धमकी के मुताबिक सुरक्षा की दृष्टि से आज भी परिसर को जनता के लिए बंद रखा गया था। कल से परिसर में सभी कार्य फिर से सुचारू रूप से किए जाएंगे। एसपी मंडी ने बताया कि इस पूरे सर्च ऑपरेशन में एंटी सबोटाज टीम के 50 जवान शामिल रहें, इसके अलावा परिसर की सुरक्षा के लिए 50 अन्य जवानों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने जनता से किसी भी तरह ही अफवाह से बचने की अपील की है।
वहीं एसपी मंडी ने बताया कि थेट मेल आने के बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीते रोज ही विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थ्रेट मेल से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए साइबर क्राइम थाना सहित शिमला पुलिस से भी इस केस में मदद मांगी गई है।जिस तरह से इस मेल में मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी तहव्वुर राणा का नाम का इस्तेमाल किया गया है, उसकी की जांच पड़ताल जारी है। साथ ही जिस सर्वर से यह मेल प्राप्त हुई है, इसकी भी जांच की जा रही है।
बता दें कि बीते रोज बुधवार को डीसी मंडी की अधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरी यह मेल प्राप्त हुई है।जिसमें डीसी ऑफिस परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। कल सुबह ऑफिस खुलते ही पूरे परिसर को खाली कर, सील कर दिया गया है।करीब ढेड दिन यहां सर्च ऑपरेशन चलाया गया है,जिसमें यहां किसी भी तरह का बम या कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।
