Nurpur,Sanjeev Mahajan -:जिला कांगड़ा के नूरपुर उपमंडल के तहत आने वाली ममूह गुरचाल पंचायत के ठेहड़ गांव में एक बुज़ुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करम चंद (75) पुत्र ममूह गुरचाल गांव ठेहड़, तहसील नूरपुर निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, करम चंद 27 अक्तूबर की शाम घर से लकड़ियां लाने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की और अगले दिन सदवां पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।मंगलवार देर शाम गांव के एक व्यक्ति ने खेत में करम चंद का शव देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नूरपुर सिविल अस्पताल भेजा, जहां बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।प्राथमिक जांच में शव पर रंगड़ों (जंगली ततैयों) के काटने के निशान मिले हैं। मौके पर भी रंगड़ पाए गए, जिससे रंगड़ों के काटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
ममूह गुरचाल पंचायत के प्रधान खुशवंत सिंह ने बताया कि करम चंद मेहनती व शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। वहीं, डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
