संजीव महाजन, नूरपुर: विधानसभा फतेहपुर के तहत आने वाली सुनेट पंचायत के साथ लगती सुनेट खड्ड में सोमवार को एक युवक का शव मिला हैं। इस तरह से युवक का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया हैं। वहीं पुलिस भी युवक की हत्या कैसे हुई इस मामले की जांच में जुट गई हैं।
मामले में पंचायत प्रधान अंकुश कुमार ने बताया की वउन्हें सुबह करीब साढे सात बजे फोन के माध्यम से जानकारी मिली कि सुनेट खड्ड में एक युवक का शव पड़ा हैं। इस बात की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना फतेहपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा हैं कि यह मृतक युवक प्रदीप कुमार, सुपुत्र रजिंदर सिंह समीप ही के गांव सुनेट का रहने वाला था। यह एक गरीब परिवार से संबंध रखता था। पंचायत प्रधान ने सरकार से मृतक के परिवार की आर्थिक मदद को अपील भी की हैं।
वहीं मृतक युवक के दादा व अन्य परिजनों ने समीप ही रह रहे सासीं समुदाय के लोगों को युवक की मौत का जिम्मेवार ठहराया हैं । सूत्रों की माने तो समीप ही रह रहे सांसी समुदाय के लोग कच्ची शराब (लाहण ) का कारोबार करते हैं। जहां पर कच्ची शराब लाहण के शौकीन लोग नजदीक क्या दूर -दूर से भी पहुंचते हैं।
अब युवक की मौत कैसे हुई हैं, यह तो पोस्टमाटर्म की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा, लेकिन इतना तो तय है कि क्षेत्र में कच्ची शराब (लाहण ) का कारोबार काफी फलफूल रहा हैं। हालांकि सांसी समुदाय की महिला ममता का कहना है वो पिछले लंबे समय से इस स्थान पर रह रहे हैं, लेकिन वो किसी को नुकसान पहुंचाए ऐसा सोच भी नहीं सकते हैं ।
मामले में जिला पुलिस प्रमुख नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया की मृतक के परिजनों की ओर से लगाए जा रहे आरोपो की भी जांच की जाएगी। इस मामले में दोषी पाए जाने वाले बव्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
