हमीरपुर, अरविन्द-:केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार नए लेबर कोड, जीआरएमजी, बिजली संशोधन बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में सीटू के बैनर तले हमीरपुर में व्यापक प्रदर्शन किया गया। इस विरोध रैली में 12 ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ आउटसोर्स और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने गांधी चौक तक मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
गांधी चौक पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए सीटू के जिला सचिव जोगिंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां मजदूर विरोधी हैं और श्रमिकों को असुरक्षा की ओर धकेल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की है और सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों का भी विरोध किया।इस अवसर पर सीटू के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर कश्मीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार मजदूरों के अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनमें रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।सीटू नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक श्रमिक हितों के विरुद्ध निर्णय वापस नहीं लिए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Chandrika
