बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जेबीटी के पदों पर सरकार टीजीटी वर्ग को तैनाती न दे। सरकार की ओर से जेबीटी प्रशिक्षुओं के हितों की अनदेखी की जा रही है जो सहन नहीं की जाएगी। यह बिलासपुर में जेबीटी एसोसिएशन के प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहित ठाकुर ने कही।
मंगलवार को जेबीटी प्रशिक्षुओं ने जिला मुख्यालय पर सरकार के खिलाफ रोष रैली निकाली है । यह रैली गुरूद्वारा चौक से शुरू हुई व रैली प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में खत्म हुई। इस दौरान जेबीटी प्रशिक्षुओं की ओर से सरकार, विभाग के खिलाफ खूब नारेबाजी की गई ।इस दौरान मोहित ठाकुर ने कहा कि जेबीटी वर्ग से अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से जेबीटी के पदों पर टीजीटी वर्ग को तैनाती देनी ही है तो जेबीटी संस्थानों को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जेबीटी प्रशिक्षु अपनी इस मांग को उठा रहे हैं। लेकिन सरकार, विभाग गंभीर नहीं है। वहीं, यदि इस बार भी जेबीटी प्रशिक्षुओं के हितों की अनदेखी हुई तो आंदोलन और उग्र कर दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार, विभाग की होगी। वहीं उन्होंने शिक्षा विभाग के उपनिदेशक के माध्यम से सरकार को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भेजा है ।
