ऊना,राकेश(TSN)-उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।इस दौरान उन्होंने टाहलीवाल में 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चार मंजिला अग्निशमन चौकी का उद्घाटन किया और इसे फायर सब स्टेशन के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की स्वीकृति के बाद इसकी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
हरोली में 8 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
बता दें,अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस अग्निशमन चौकी में तीन फायर वाहनों की पार्किंग,ड्यूटी रूम,वर्कशॉप,कंट्रोल रूम,स्टाफ के लिए डाइनिंग हॉल,बैरक और कार्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।उपमुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि टाहलीवाल में जल्द ही पुलिस थाना भवन का निर्माण किया जाएगा।उन्होंने इसे लेकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।इसके उपरांत,उपमुख्यमंत्री ने श्री गिड़गिड़ा साहिब में नाबार्ड के तहत 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 4.25 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।यह सड़क श्री गिड़गिड़ा साहिब से श्री टाहली साहिब एवं मुख्य सड़क से श्री बाबा भर्तृहरि मंदिर और किन्नू मोहल्ला, पंजुआना-बालीवाल मार्ग को जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आवागमन की समस्याओं का समाधान होगा।
शक्तिपीठो के लिए इतनी राशि मंजूर
अग्निहोत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘प्रसाद योजना’ के तहत माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 56.26 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है।इस राशि से धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक विरासत को सुदृढ़ किया जाएगा।इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा 250 करोड़ से मातारानी के भव्य भवन का निर्माण किया जा रहा है।इसके अतिरिक्त,प्रदेश सरकार ने माता ज्वालाजी और माता नैना देवी मंदिरों के लिए भी 100-100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
