मंडी, धर्मवीर -:- 3 से 5 जुलाई तक छोटी काशी मंडी के संस्कृति सदन में देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी फिल्म फेस्टिवल के आयोजक एवं फिल्म निर्देशक पवन शर्मा ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। पवन शर्मा ने बताया कि इस फिल्म फेस्टिवल में 25 शॉर्ट फिल्में दिखाई जाएंगी जिसमें हिमाचल के लोगों द्वारा बनाई गई फिल्में भी शामिल हैं। फिल्म फेस्टिवल में फिल्म अभिनेता आदित्य श्रीवास्तव, यशपाल शर्मा, राजेश जैस, संजय मिश्रा और हेमंत पांडे सहित अन्य कलाकार और फिल्म जगत से जुड़े लोग शिरकत करेंगे। पवन शर्मा ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल में आने वाला हर व्यक्ति गेस्ट भी होगा और होस्ट भी। फिल्में देखने के लिए लोगों के डेलिगेट पास बनाए जाएंगे। रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 8 and बजे तक फिल्म फेस्टिवल का आयोजन होगा।
पवन शर्मा ने बताया कि यह दूसरा मौका होगा जब मंडी में फिल्म फेस्टिवल का आयोजन होगा। इससे पहले जनसहयोग से उन्होंने 2024 में इसका भव्य आयोजन किया था। वह मूलतः मंडी से हैं इसलिए अपने शहर के लिए हर बार कुछ नया करने का प्रयास कर रहे हैं। फिल्म फेस्टिवल के दौरान घंटाघर में भी एक इवेंट करवाया जाएगा। इसके अलावा एप्रिसिएशन कोर्स और मास्टर क्लासेज के माध्यम से लोगों को फिल्मी दुनियां के टिप्स भी दिए जाएंगे। साहित्य, कला, लेखन, पत्राकारिता और फोटोग्राफी के क्षेत्र में जिन लोगों ने उत्कृष्ट कार्य किया है उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
