चम्बा, मंजूर पठान-:चम्बा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित छतरी मोड़ के निकट देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें कार सवार दो युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तेज मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा, जिसके चलते कार सड़क से नीचे लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद कार मुख्य मार्ग से लुढ़कते हुए नीचे चौहड़ा मार्ग तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि रात का समय होने और क्षेत्र के अत्यंत दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।बुधवार सुबह पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोगों की सहायता से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद दोनों मृतकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।घटनास्थल पर डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा, चम्बा सदर थाना के एसएचओ तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे बचाव अभियान की निगरानी की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने बताया कि देर रात थाना डलहौजी को कार दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पाया कि वाहन में दो लोग सवार थे, जिनकी दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोगों के सहयोग से शवों को बाहर निकाल लिया गया है तथा मामले की जांच जारी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
