शिमला, 3 अप्रैल :हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत कोट काईना में दो महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इन सड़कों में 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित संतोषीनगर-शोली काईन मार्ग तथा 1 करोड़ 35 लाख रुपये से तैयार काईना-धरोट संपर्क मार्ग शामिल हैं।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा में शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में सड़कों का विशेष महत्व है, क्योंकि ये विकास की धुरी होती हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे लोगों को आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच मिल सके।उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोट काईना पंचायत में 4 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से 6 नई सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा बुशहर क्षेत्र में 18 नई सड़कों का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है। क्षेत्र में अन्य विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिनमें झड़ग में 1 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण और 2 करोड़ 38 लाख रुपये से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारी के भवन का निर्माण शामिल है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार का मानना था कि सड़कों का निर्माण ही विकास का आधार है। आज प्रदेश में सेब उत्पादन और पर्यटन के क्षेत्र में जो प्रगति हुई है, उसमें बेहतर सड़क सुविधाओं का अहम योगदान है।उन्होंने यह भी बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क और भवन निर्माण कार्यों के लिए लगभग 550 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिछले तीन वर्षों में इस क्षेत्र में 171 नई सड़कों का निर्माण किया जा चुका है, जिससे विकास को नई गति मिली है।कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने मंढोल से हरिजन बस्ती पाछड़ा सड़क का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने इस अवसर पर सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री का आभार व्यक्त किया।
