सोलन : योगेश शर्मा (TSN)- शनिवार को डीसी कार्यालय सोलन के सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जिला कल्याण समिति की बैठक आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने की ।बैठक में विशेष रूप से दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक व सीपीएस राम कुमार चौधरी व नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक केएल ठाकुर भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं को लेकर चर्चा की गई जिनमें केंद्र सरकार की योजनाएँ भी शामिल थी,स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने इस दौरान कहा कि जिला कल्याण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य उन बातों का पता लगाना है कि किस तरह से केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं लोगों तक पहुंच रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की 17 से 18 योजना ऐसी है जिनका लाभ लोगों को मिलना चाहिए और इनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक व पिछड़ा वर्ग शामिल है, उनके सामाजिक उत्थान के लिए लगातार सरकार कार्य कर रही है।
जिला सोलन में भी 48,593 लोग हैं जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है । उन्होंने कहा कि जिन लोगों तक यह योजनाएं पहुंचनी चाहिए उनके लिए जमीनी स्तर तक अधिकारी काम करें इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यही है। उन्होंने कहा कि योजनाएं लोगों के लिए चलाई जा रही है तो उनका लाभ भी लोगों तक पहुंचना चाहिए इसके लिए आज अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री धनिराम शांडिल ने कहा कि एससी कॉम्पोनेंट्स का जो बजट आता है वह सिर्फ एससी क्षेत्र के लिए नहीं होता है वह सभी जगह यूज़ किया जाता है । ऐसे में समय-समय पर सरकार योजना चलाकर समाज के प्रत्येक वर्ग का एक समान विकास करने के लिए कार्य कर रही है।
