सोलन : योगेश शर्मा – सोमवार को डीसी कार्यालय सोलन में खनन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई । जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और सोलन विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने की ।बैठक में सीपीएस व दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी और नालागढ़ विधायक केएल ठाकुर भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने अपने क्षेत्रों को लेकर खनन विभाग से सम्बंधित मुद्दे बैठक में रखें।
धनीराम शांडिल ने बैठक की अध्यक्षता के दौरान जिला में खनन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी हासिल की,वहीं उन्हें उचित दिशा निर्देश भी दिए। धनीराम शांडिल ने इस दौरान कहा कि विकास और प्रगति आवश्यक है, लेकिन खनन को कम मात्रा में किया जाए ये भी जरूरी है। शांडिल ने कहा कि जहां जहां भी खनन किया जा रहा है, वहां यह भी जरूरी है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण किया जाए।
शांडिल ने कहा कि नीति बनाकर खनन किया जाए इसको लेकर विभागों को भी ध्यान देना होगा, शांडिल ने कहा कि माइनिंग रॉयल्टी का 30% जो पंचायत स्तर पर खर्च किया जा सकता है उसको लेकर भी आज चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि रॉयल्टी का 30% स्वास्थ्य, सड़कों,शिक्षा और पानी के स्त्रोतों को बनाने, पानी की स्कीमों को बनाने के लिए,स्कूलों में सुधारीकरण और स्वास्थ्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर खर्च किया जाएगा।
