ज्वाली:राशपाल सिंह (TSN)-जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा स्थित धर्मशाला हेमराज बैरवा ने ज्वाली विधानसभा हल्के के संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान उनके साथ पुलिस जिला नूरपुर के अधीक्षक अशोक रत्न,सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं ज्वाली के एसडीएम विचित्र सिंह,ज्वाली के तहसीलदार विनोद कुमार,नगरोटा सूरियां की तहसीलदार शिखा,निर्वाचन कानूनगो सन्नी सिहौल एवं निर्वाचन विभाग बीएलओ व सुपरवाइजर भी उपस्थित रहे।
जिला उपायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने अति संवेदनशील मतदान केंद्रों में खरोटा, ढन, कैहरियाऺ, नगरोटा सूरियां आदि के साथ वन्डेरु व धेवा जैसे इंटीरियर मतदान केन्द्रों पर लोकसभा निर्वाचन 2024 के मद्देनजर व्यवस्थाएं जांची और नगरोटा सूरियां मतदान केंद्र पर 2019 के लोकसभा व 2022 के विधानसभा चुनावों में कम प्रतिशत मतदान होने का कारण जाने,तो वहां उपस्थित बीएलओ ने बताया कि यहां व आसपास क्षेत्र के अधिकांश युवा बद्दी में निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं और वह जॉब छोड़ मतदान के लिए नहीं आना चाहते है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने हस्ताक्षर अभियान शुरू कर मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के भी बीएलओ व निर्वाचन विभाग के सुपरवाइजर स्टाफ को आदेश दिए।गौरतलब है कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में कुल 119 मतदान केंद्र हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 102323 है,जिसमें 50622 पुरुष मतदाता एवं 50701 महिला मतदाता हैं। मतदाताओं के हिसाब से ज्वाली विधानसभा क्षेत्र हिमाचल प्रदेश में सुलाह विधानसभा क्षेत्र के बाद दूसरे स्थान पर है ।ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा निर्वाचन 2024 के मध्यनजर कुल 14 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील चिन्हित किए गए हैं।
