हमीरपुर: 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस बार जिला स्तरीय समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला वाल में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से इस समारोह को करवाने से लेकर जुड़ी सभी तैयारियां पूरी की जा रही है जिसे लेकर बैठक का आयोजन भी हमीर भवन में किया गया। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला स्तरीय समारोह की रूपरेखा तय की।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। देबश्वेता बनिक ने बताया कि 15 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (ब्वायज) हमीरपुर के मैदान में मुख्य अतिथि सुबह 11 बजे ध्वजारोहण करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे ओर जिलावासियों को अपना संदेश देंगे। जिला स्तरीय समारोह की परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस और
होमगार्ड्स की टुकड़ियों के अलावा एनसीसी ओर अन्य टुकड़ियां भी भाग लेंगी। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां समय पर पूरी करने ओर समारोह के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष प्रबंध करने होंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को मैदान में पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने के आदेश जारी किए। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर एडीएम जितेंद्र सांजटा, डीएसपी रोहिण डोगरा, तहसीलदार डा.अशोक पठानिया, सीएमओ आर.के अग्निहोत्री, सहायक आयुक्त पवन कुमार, डीआरओ देवी राम के अतिरिक्त अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
