सोलन : योगेश शर्मा – ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह का आयोजन किया गया । जिसमें हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की,सबसे पहले मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की । उसके बाद वह ठोडो मैदान पहुंचे जहां उन्होंने ध्वजारोहण कर जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश लगातार विकसित होता प्रदेश है और आने वाले समय में विश्व स्तर पर इस राज्य की एक अलग पहचान होगी।
ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने हिमाचल दिवस की सभी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और हिमाचल निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज छोटी छोटी रियासतों को एक करके राज्य बना है जो दिन प्रतिदिन आगे बढ़ता जा रहा है। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार जनता के हितों के लिए कार्य कर रही है।
