Una, Rakesh -उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि सुरक्षित निर्माण आपदा जोखिम न्यूनीकरण का सबसे प्रभावी और स्थायी उपाय है। यदि भवन निर्माण के हर चरण में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए तो भूकंप, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
वे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) ऊना में जिला स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सुरक्षित निर्माण तकनीकों और आपदा-सुरक्षा सिद्धांतों की व्यवहारिक समझ विकसित करने में मददगार साबित होंगी।यह प्रतियोगिता जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान “समर्थ-2025” के अंतर्गत आयोजित की गई।प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित निर्माण के प्रति जागरूक करना, जोखिमपूर्ण परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करना और आपदा-संवेदनशील क्षेत्रों में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रतियोगिता में हाई स्कूल स्तर पर 5, वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर 4 और कॉलेज स्तर पर 1 मॉडल प्रस्तुत किया गया। इनमें से श्रेष्ठ मॉडल का चयन किया गया। विजेता प्रतिभागी 7-8 अक्तूबर को आनंदपुर शोघी के साइंस म्यूजियम में राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहीं राज्य स्तर पर विजेता प्रतिभागी अपना मॉडल शिमला रिज मैदान में आयोजित आपदा न्यूनीकरण प्रदर्शनी “समर्थ-2025” में प्रदर्शित करेंगे, जहां उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
