Nurpur, Sanjeev-:पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इन कार्रवाइयों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) धर्मशाला तथा थाना नूरपुर पुलिस की टीमों ने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर करारा प्रहार किया है।
पहली कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) धर्मशाला, जिला कांगड़ा की टीम ने नाकाबंदी और गश्त के दौरान नूरपुर के जसूर चौक में दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 26.63 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार उर्फ चिक्की पुत्र रतन लाल, निवासी मॉडल टाउन मड हट कॉलोनी, जिला पठानकोट (पंजाब) तथा शिवम पुत्र दीपक, निवासी डाहकी म्युनिसिपल कॉलोनी, जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में अभियोग संख्या 09/26 दिनांक 03.01.2026 के तहत धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
दूसरी ओर, पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नूरपुर की टीम ने चौगान क्षेत्र में IPH कार्यालय के समीप नाकाबंदी के दौरान एक वाहन की तलाशी ली। तलाशी में गाड़ी नंबर HP-33B-5089 से 08 पेटियां देसी शराब, जिनमें कुल 96 बोतलें शामिल हैं, बरामद की गईं। मौके पर ही आरोपी अमित कुमार पुत्र मोहन लाल, निवासी गांव सुनेरा, डाकघर कोपड़ा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 39(1)A हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
Chandrika
