नूरपुर (संजीव महाजन): प्रदेश में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले विधानसभा क्षेत्र नूरपुर की पंचायत खैरियां के एक दर्जन से भी ज्यादा युवाओं ने शुक्रवार को भाजपा को अलविदा कहते हुए पूर्व विधायक अजय महाजन के नेतृत्व में आस्था व्यक्त हुए कांग्रेस पार्टी का दामन थामा लिया है। पार्टी में शामिल हुए सभी युवाओं का अजय महाजन ने स्वागत किया ओर कहा कि नूरपुर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
प्रतिदिन अनेक लोग पार्टी से जुड़ रहे है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़ रहे लोगों को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। महाजन ने कहा कि डबल ईंजन की सरकार होते हुए भी प्रदेश विकास के मामले आगे नहीं बढ़ पाया है। आम जनता महंगाई और युवा वर्ग बेरोजगारी से बुरी तरह त्रस्त है। भाजपा के पांच साल में नूरपुर क्षेत्र में भी जनता को नारों और लारों के सिवाय कुछ हासिल नहीं हुआ। हालत यह है कि नई विकास योजनाएं तो दूर की बात है कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की योजनाओं को भी मौजूदा हुक्मरान जनता को समर्पित करवाने में नाकाम रहे है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग होकर प्रतिदिन अनेक लोग कांग्रेस से जुड़ रहे है। महाजन ने दावा किया कि लोगों के उत्साह को देखते हुए इस बार हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है और नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से भी कांग्रेस जीत का परचम लहरागी जिसके बाद नूरपुर के समग्र विकास को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
