शिमला (शिमला): हिमाचल में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों को लेकर कसरत शुरू कर दी है। आवदेन लेने के बाद प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी ने पैनल तैयार कर कांग्रेस आलाकमान को भेज दिया है। वही केंद्रीय स्क्रिनिंग कमेटी अब इस पर फ़ैसला लेगी। 15 सितंबर को स्क्रिनिंग कमेटी की बैठक दिल्ली में होनी है उससे पहले कमेटी के सदस्य सभी जिलों में जा कर नेताओं, कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोल रहे है।
इसी उद्देश्य के साथ स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य उमंग सिंघार शुक्रवार को शिमला स्थित हिमाचल कांग्रेस प्रदेश कार्यालय पहुंचे। शिमला पहुंच कर उन्होंने नेताओं की नब्ज़ टटोलने की कोशिश की। इस दौरान उनसे मुलाकात करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। आवेदन करने वालो के अलावा अन्य कार्यकर्तओं से भी उन्होंने बात की है । इस दौरान नेताओं सिंघार को विश्वास दिलाने में लगे रहे कि वह अपनी विधानसभा सीट से सबसे प्रबल दावेदार है।
हिमाचल कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जीत का मन बना लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी चाहते हैं कि ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिया जाए, जो जिताऊ हो। साथ ही उन्होंने हिमाचल कांग्रेस के मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्रियों के टिकट काटे जाने की खबर को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अभी तक पार्टी ने ऐसा कुछ तय नहीं किया है। यह बातें केवल खबरों तक ही सीमित है। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी और इसका अंतिम फैसला केंद्रीय आलाकमान ही करेगा।
