Hamirpur,14 अप्रैल– भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर हमीरपुर जिला में भाजपा मंडल बमसन(टौणी देवी) और मंडल सुजानपुर टीहरा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।ग्राम पंचायत लग कड़ियार और ग्राम पंचायत दाडला के मिहाड़पुरा में आयोजित इन कार्यक्रमों में पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने संविधान के निर्माण में डॉक्टर अंबेडकर के योगदान को स्मरण किया.इन कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं और स्थानीय जनता ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि “अंबेडकर केवल एक नाम नहीं, बल्कि विचारों की ऐसी मशाल हैं, जिसने देश को सामाजिक न्याय की दिशा दी।”
कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
राजेंद्र राणा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “जिन सरकारों ने दशकों तक देश पर राज किया, उन्होंने डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न देने में भी देरी की।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अंबेडकर को केवल प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन उनके विचारों को कभी आत्मसात नहीं किया। “डॉ. अंबेडकर की तस्वीरें लगाने वाले आज उनके विचारों के उलट काम कर रहे हैं,”
भाजपा सरकार ने किया सच्चा सम्मान
राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा ने डॉ. अंबेडकर के सम्मान को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा,बल्कि पंचतीर्थों की स्थापना,लंदन स्थित उनके घर के संरक्षण,और दिल्ली, मुंबई, नागपुर व मऊ में अंबेडकर स्थलों के विकास के ज़रिए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सामाजिक न्याय को ज़मीनी स्तर पर लागू किया है – “हर गरीब को छत, गैस कनेक्शन, सड़क और शिक्षा की सुविधाएं देना डॉ. अंबेडकर के सपनों को साकार करना है।”राजेंद्र राणा ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे डॉ. अंबेडकर के दिखाए मार्ग पर चलें और उन राजनीतिक शक्तियों से सावधान रहें जो समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा – “अंबेडकर को समझना है, तो उनके विचारों को अपनाना होगा।”
