Chamba, 3 May ( TSN)-विधायक डॉ. जनक राज ने कांग्रेस सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि चुनावों से पहले गारंटी के नाम पर किए गए वादे अब जनता के लिए एक धोखा साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथित 10 गारंटियां महज प्रचार की रणनीति थीं, जिनका धरातल पर कोई ठोस क्रियान्वयन नहीं हुआ।
डॉ. जनक राज ने कहा, “सरकार को दो साल से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण जैसी किसी भी योजना पर ठोस परिणाम नहीं दिखते। मुख्यमंत्री अब गारंटी शब्द लेने से भी बचते हैं, क्योंकि उन्हें खुद पता है कि उनकी नीतियां विफल रही हैं।”उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्रियों विक्रमादित्य सिंह और अनिरुद्ध सिंह पर भी तंज कसते हुए कहा कि “ये नेता केवल भाषणों तक सीमित हैं, जबकि जनता की समस्याओं को लेकर कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए।”डॉ. जनक राज ने यह भी जोड़ा कि जनता अब जवाब मांग रही है और भाजपा ही एकमात्र विकल्प है जो जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से जनता की आवाज बनकर हर मंच पर सवाल उठाते रहेंगे।
