पंडोह | मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध रूप से लाई जा रही बीयर की 83 पेटियों से भरी जीप को जब्त किया है। यह कार्रवाई पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच की अगुआई में कैंची मोड़ के पास लगाए गए नाके के दौरान की गई।
पुलिस को देख भागने लगा चालक, पीछा कर पकड़ी गई जीप
पुलिस द्वारा नाका लगाने के दौरान जैसे ही जीप (नं. HP 65A-1088) वहां पहुंची, चालक ने पुलिस की मौजूदगी देखकर वाहन को मोड़कर भागने की कोशिश की। उसने जीप को एक लिंक रोड की ओर घुमा दिया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते ज्यादा दूर नहीं जा सका। पुलिस ने तुरंत पीछा कर वाहन को रोका और चालक को काबू में ले लिया।
पंजाब मार्का बीयर बरामद, तस्करी का संदेह
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 83 पेटियां बीयर की बरामद हुईं, जिन पर पंजाब सरकार की मुहर लगी थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह शराब पंजाब से हिमाचल प्रदेश में अवैध रूप से लाई जा रही थी। गिरफ्तार किए गए चालक की पहचान अभिषेक पुत्र सुभाष चंद, निवासी गांव नेरन, तहसील कोटली के रूप में हुई है।
एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज, गिरोह की आशंका
एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद बीयर को कब्जे में लेकर हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि इस अवैध तस्करी के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
