Dharamshala, Rahul-हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को लंबे इंतज़ार के बाद नया अध्यक्ष मिल गया है।डॉक्टर्स डे के मौके पर डॉ. राजेश शर्मा ने धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आशीर्वाद लेकर इस जिम्मेदारी को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि भले ही वे पेशे से डॉक्टर हैं, लेकिन अब शिक्षा क्षेत्र को पूरी तरह समझकर और विशेषज्ञों से संवाद कर, हिमाचल में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास करेंगे।
डॉ. शर्मा ने कहा, “मुख्यमंत्री स्वयं इस बात को लेकर गंभीर हैं कि प्रदेश में कक्षा पांचवीं के बच्चे दूसरी कक्षा की किताब नहीं पढ़ पा रहे। यह बेहद चिंताजनक है और इसे बदलना हमारी प्राथमिकता होगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जब मैं इस पद से जाऊं, तब हर बच्चा अपनी कक्षा के स्तर के अनुरूप पढ़ने में सक्षम हो।”उन्होंने यह भी कहा कि वे अन्य राज्यों की सफल शिक्षा नीतियों का अध्ययन कर, उन्हें हिमाचल में लागू करने की कोशिश करेंगे। मीडिया से सहयोग और मार्गदर्शन की अपील करते हुए उन्होंने साझा प्रयासों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार का संकल्प लिया।
