Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया नेतृत्व मिलने जा रहा है, जो पुराने और अनुभवी चेहरे के रूप में सामने आया है। डॉ. राजीव बिंदल का एक बार फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनना लगभग तय हो चुका है। हालांकि उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा मंगलवार सुबह 11 बजे की जाएगी।
सोमवार को शिमला स्थित पार्टी कार्यालय ‘दीप कमल’ में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन डॉ. बिंदल की ओर से दाखिल किया गया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि वे निर्विरोध इस पद पर आसीन होंगे।प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ-साथ भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए भी सदस्य चुने जा रहे हैं। आठ नामांकन प्राप्त हुए हैं – जिनमें पवन काजल, गोविंद ठाकुर, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, रश्मि धर सूद, पायल वैद्य, संजीव कटवाल और राजीव सैजल शामिल हैं।
चुनाव प्रभारी सांसद राजीव भारद्वाज ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई थी। डॉ. बिंदल के पक्ष में तीन अलग-अलग प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। पहला विधायक दल की ओर से, जिसका नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। दूसरा प्रस्ताव अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में सभी सांसदों और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने रखा। तीसरा प्रस्ताव गोविंद सिंह ठाकुर और पार्टी पदाधिकारियों की ओर से पेश किया गया।राजीव भारद्वाज ने बताया कि आधिकारिक घोषणा मंगलवार सुबह पीटरहॉफ में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा की जाएगी।इसी के साथ नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी तय हो जाएगा, जो 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की अगुवाई करेगी।
