सचिन शर्मा, केलांग: लाहौल स्पीति विधानसभा क्षेत्र के उदयपुर में नए बनाये गए विकास खंड कार्यालय का लोकार्पण आज तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने किया। इस खंड कार्यालय के खुलने से अब लाहौल स्पिति विधानसभा क्षेत्र में तीन विकास खंड कार्यालय कार्य करेंगे। इस अवसर पर डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि उदयपुर में नया विकास खंड कार्यालय खोलने से उदयपुर मंडल की 14 पंचायतों के विकास कार्य में और अधिक तेजी आएगी। उदयपुर में विकास खंड कार्यालय आने से इस क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है। नजदीक कार्यालय आने से लोगों के धन और समय की बचत भी होगी।
डॉ. मार्कंडेय ने कहा कि पंचायतें सरकार का महत्वपूर्ण अंग है जो ग्रामीण स्तर तक आर्थिक विकास, सामाजिक न्याय को मजबूत करने ओर राज्य सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि विकास खंड कार्यालय के माध्यम से ही सभी पंचायतों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 में हिमाचल सरकार की ओर से प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, परिवहन एवं संचार के सीमित साधनों की कमी और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए 412 नई ग्राम पंचायतों का सृजन किया गया था। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आम लोगों के कल्याण के लिए मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण), राजीव आवास योजना, मुख्यमंत्री आदर्श ग्रामीण योजना ओर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी अनेक योजनाएं शुरू की है। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
रतोली में किया संपर्क सड़क का उद्घाटन
इससे पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री ने रतोली में 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित मोटर योग्य संपर्क सड़क का उद्घाटन किया । उन्होंने कहा कि इस सड़क से रतोली गांव के लगभग 50 लोग लाभांवित होंगे।डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र की भाग्य रेखा होती है। इसके मद्देनजर लाहौल स्पीति विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। सभी गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है ओर हर गांव को सड़क से जोड़ने के लिए लोगों का सहयोग भी अपेक्षित है। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने रतोली में बड़ा पुल बनाने की घोषणा की ।
रतोली के लिए बस को दिखाई हरी झंडी
इस दौरान डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने रतोली
गाँव के लिए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना कियाl इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री ने गांव वालों, अधिकारियों के साथ बस में रतोली गांव तक सफर किया। गांव के लोगों ने सड़क ओर बस चलाने के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री का आभार जताया l
डॉ. मार्कंडेय ने सुनी जन समस्याएं
इस दौरान डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने रतोली व उदयपुर में लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया ओर शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
