शिमला -: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और सीवरेज व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। बुधवार को परिधि गृह रोहड़ू में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक भी बेहतर जल सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने रोहड़ू मंडल में राज्य मद के तहत चल रही 43 पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि इनके पूरा होने से हजारों लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध होगा। परियोजनाओं के शीघ्र निष्पादन के लिए उन्होंने एक करोड़ रुपये तत्काल जारी करने की घोषणा की।
बैठक में रोहड़ू शहर की सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना पर भी चर्चा हुई।अधिकारियों ने बताया कि एसटीपी के विस्तार और उन्नयन के लिए करीब 41 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सीवरेज व्यवस्था शहर की आवश्यकता है और इसके लिए बजट उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।जल जीवन मिशन के तहत रोहड़ू मंडल में स्वीकृत 56 परियोजनाओं में से 50 पूरी हो चुकी हैं, जबकि छह पर कार्य जारी है। इन योजनाओं पर लगभग 142 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत 11 में से नौ परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और दो पर काम चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी और कृषि उत्पादन बढ़ेगा।बैठक में नमामि गंगे योजना के तहत रोहड़ू, चिड़गांव और हाटकोटी के लिए 41.55 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एसटीपी परियोजनाओं सहित जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़े कई प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए। उपमुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा देते हुए गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
