सुजानपुर | हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक छात्र डीएवी स्कूल आलमपुर में 11वीं कक्षा का विद्यार्थी था और अपने परिवार के साथ पटलांदर क्षेत्र में रहता था। बताया जा रहा है कि रात वह अपने माता-पिता के साथ कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार सुबह जब परिजन उठे तो उन्होंने बेटे को कमरे में फंदे से लटका पाया। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। परिजनों का आरोप है कि नोट में छात्र ने स्कूल के कुछ अध्यापकों द्वारा डंडों से मारपीट किए जाने का जिक्र किया है। हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की सत्यता की पुष्टि नहीं की है और उसमें लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही परिजनों, ग्रामीणों और स्कूल में पढ़ने वाले अन्य विद्यार्थियों के अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग स्कूल परिसर पहुंचे और प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह साफ हो पाएगी।
