नाहन (देवेन्द्र कुमार): भूकंप, लैंडस्लाइड से कैसे बचाव करना है, इसके लिए नाहन में माॅक ड्रिल होगी और लोगों को बचाव के तरीके बताए जाएंगे। जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथारिटी) सिरमौर द्वारा 14 सितम्बर को सुबह 10 बजे नाहन और आसपास के क्षेत्र में माॅक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
यह माॅक ड्रिल भूकंप, लैंड स्लाइड आदि संभावित घटनाक्रमों के दृष्टिगत आयोजित होगी। यह माॅक ड्रिल भविष्य की आपदा संभावित घटनाओं के दौरान जरूरी एहतियात बरतने के लिए की जा रही है। इस माॅक ड्रिल का उददेश्य डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान को चैक करने और स्टेक होल्डर विभाग में आपसी तालमेल स्थापित करने के लिए है।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राम कुमार गौतम ने बताया कि यह माॅक ड्रिल जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण सिरमौर एवं एन.आर.डी.एफ. की 14वीं बटालियन, नूरपुर कांगड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। राम कुमार गौतम ने आम जन से आग्रह किया है माॅक ड्रिल के दौरान बजने वाले सायरन की आवाज से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने माॅक ड्रिल के सही आयोजन के लिए शहर की जनता से अपना सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।
