Mandi, Dharamveer-मंडी जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पराशर में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार नए कदम उठाएगी। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सरानाहुली मेले के समापन समारोह के दौरान दी। उन्होंने कहा कि पराशर क्षेत्र लंबे समय से पर्यटकों का आकर्षण रहा है और अब इसे ईको टूरिज्म की दृष्टि से विकसित किया जाएगा, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पहले से चल रही ईको टूरिज्म गतिविधियों को और व्यवस्थित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में निजी निवेश को भी प्रोत्साहित करेगी। पराशर में कैंपिंग साइट, ट्रैकिंग रूट, और अन्य इको-फ्रेंडली पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह के क्षेत्र के विकास में योगदान की सराहना की और अपने पिता स्व. राजा वीरभद्र सिंह के पराशर से जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा।
अपने दौरे के दौरान मंत्री ने पधर क्षेत्र के लिए करीब 62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों और पुलों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पधर क्षेत्र में प्रस्तावित पांच सड़कों के लिए 26 करोड़ रुपये के बजट की भी जानकारी दी।इससे पहले उन्होंने पराशर ऋषि मंदिर में पूजा-अर्चना की, देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया और पराशर ऋषि पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया।
