Shimla, 2 January-:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को उप-मंडल जुब्बल में चल रहे दो प्रमुख विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के समीप डकैड़ में निर्माणाधीन राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान जुब्बल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र होगा, जहाँ भविष्य में प्रदेश व देशभर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इससे शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा।इस संस्थान के निर्माण पर लगभग 17 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है, जिसे हिमुडा द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात शिक्षा मंत्री ने खड़ापत्थर में 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से बरथाटा (बटाड़गलू) स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है।
ग्राम पंचायत पराली के प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि पराली पंचायत में अन्य पंचायतों की भांति सर्वांगीण विकास कार्य किए गए हैं।क्षेत्र में सड़कों और भवनों का निर्माण हुआ है। उन्होंने बताया कि खड़ापत्थर–पटसारी सड़क का उन्नयन कार्य 17 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसमें मेटलिंग और टारिंग शामिल है।उन्होंने कहा कि गिरी गंगा जुब्बल क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। खड़ापत्थर–गिरी गंगा सड़क को 6 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से पक्का किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मडांन संपर्क मार्ग के लिए 2 करोड़ 96 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और शीघ्र ही कार्य आरंभ किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि आने वाला वर्ष प्रदेश के लिए सुख, समृद्धि और विकास लेकर आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण हुए हैं, जिनके दौरान हिमाचल प्रदेश ने विकास की एक मजबूत यात्रा तय की है। हालांकि 2023 और 2025 में प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रदेश को भारी क्षति भी झेलनी पड़ी, फिर भी सरकार ने मजबूती से परिस्थितियों का सामना किया।
इस अवसर पर उपस्थित रहे
जुब्बल–नावर–कोटखाई कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, ग्राम पंचायत पराली की प्रधान मीनाक्षी मजटा, पंचायत समिति सदस्य कोमल हांसटा, जुब्बल कांग्रेस जोन अध्यक्ष लोकपाल शरखोली, ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति अध्यक्ष मुनि लाल नरसेठ, ग्राम पंचायत शिल्ली के प्रधान किरपा राम, पूर्व प्रधान लोकिंदर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जुब्बल–नावर–कोटखाई दीपक कालटा, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, बीडीओ जुब्बल करण सिंह, एसएचओ जुब्बल चेतन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
