Shimla, Sanju-:देश के पहले गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को शिमला में एकता यात्रा निकाली गई। यह यात्रा संजौली बाजार से माल रोड तक निकाली गई, जिसकी अगुवाई शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने की। इस मौके पर पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज और पूर्व सांसद सुरेश चंदेल भी मौजूद रहे। यात्रा में शहरभर से बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए।
यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक देश में जनजागरूकता और एकता के संदेश को समर्पित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कश्यप ने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों में से 562 का शांतिपूर्वक भारत संघ में विलय कराया और बाद में बची दो रियासतों के एकीकरण के साथ देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में पटेल के योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को इससे प्रेरित करना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।सांसद कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत विश्व गुरु और एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो। एकता यात्रा इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
विभिन्न परियोजनाओं में हिमाचल के हिस्से को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सांसद सुरेश कश्यप ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश को उसका उचित हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तीन राज्यों का गठन हुआ था, तब जनसंख्या के आधार पर हिमाचल का जो हिस्सा निर्धारित किया गया था, वह मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल का अधिकार स्पष्ट है और प्रदेश अपने हक का हकदार है।
