Una, Rakesh-:हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले में आज हिमाचल प्रदेश स्टेट विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में बिजली बोर्ड के कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित बिजली संशोधन बिल का एक स्वर में विरोध किया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए हिमाचल प्रदेश स्टेट विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन की जॉइंट एक्शन कमेटी के संयोजक हीरालाल ने कहा कि केंद्र सरकार जिस बिजली संशोधन बिल को लाने की तैयारी कर रही है, उसका सीधा असर बिजली उपभोक्ताओं और कर्मचारियों पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल पूरी तरह से कर्मचारी और उपभोक्ता विरोधी है।हीरालाल ने बताया कि यदि यह बिल लागू होता है तो बिजली विभाग का निजीकरण हो जाएगा, जिससे न केवल कर्मचारियों के अधिकार प्रभावित होंगे बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी महंगी बिजली का सामना करना पड़ेगा। इसी कारण प्रदेश भर के बिजली कर्मचारी इस बिल का विरोध कर रहे हैं और सरकार से इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
